Uttrakhand

दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी की पहल, मीका सिंह और दलेर से करेंगे बात; बोले- कलाकारों का सम्मान जरूरी

देहरादून: उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में हस्तक्षेप करने की बात कही है। सीएम ने कहा कि वह दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह से बातचीत करेंगे। उन्होंने लोगों से विवाद को आगे नहीं बढ़ाने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उस समय जनता का दबाव रहा होगा, जिसके चलते ऐसी स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है। मंत्री ने कहा था कि उन्हें दलेर मेहंदी की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी नहीं थी।

सीएम धामी ने कहा कि दलेर मेहंदी बड़े कलाकार हैं और उत्तराखंड की परंपरा कलाकारों का सम्मान करने की रही है। उन्होंने कहा कि जब इस मामले में मंत्री अपनी सफाई दे चुके हैं, तो अब इसे और तूल देने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह से उनकी मित्रता है और वह दोनों से बात कर मामले को शांत करने का प्रयास करेंगे।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

पूरा मामला टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या का है। कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की प्रस्तुति में बैकग्राउंड साउंड ट्रैक के इस्तेमाल को लेकर दर्शकों ने नाराजगी जताई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के सामने अपनी आपत्ति जाहिर की।

मंत्री ने कहा था कि दर्शक लाइव प्रस्तुति सुनने आए हैं, न कि रिकॉर्डेड आवाज पर कलाकार को प्रस्तुति देते देखने। मंच पर हुई इस बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया।

इसके बाद मीका सिंह समेत कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए। अब मुख्यमंत्री धामी की पहल से इस विवाद को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!