Dehradun

मसूरी के बाद अब देहरादून में जाम से निपटने की तैयारी, गृह सचिव की निगरानी में बनेगा नया ट्रैफिक रोडमैप

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बढ़ती यातायात समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने नई कार्ययोजना तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव, पार्किंग की कमी और सड़कों पर लगने वाले जाम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी गृह सचिव शैलेश बगौली कर रहे हैं। वह अधिकारियों के साथ कई बार बैठक कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा कर चुके हैं।

मसूरी के अनुभव के आधार पर बनेगी योजना

प्रशासन ने यातायात सुधार की दिशा में पहले मसूरी पर फोकस किया है। यहां कुल 42 पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने और अधिक यातायात दबाव वाले इलाकों में जरूरी बदलाव करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। पर्यटन सीजन में मसूरी पहुंचने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या गंभीर हो जाती है। ऐसे में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता दी जा रही है।

अब इसी तर्ज पर देहरादून की समस्याओं का आकलन कर उनके समाधान तलाशे जाएंगे। इसके लिए शहर के प्रमुख मार्गों और जाम से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा।

पार्किंग और ट्रैफिक सिग्नल पर रहेगा जोर

देहरादून के प्रस्तावित ट्रैफिक रोडमैप में नए पार्किंग स्थलों की संभावनाएं तलाशने के साथ ट्रैफिक लाइट्स की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा होगी। जरूरत के अनुसार सिग्नल व्यवस्था में सुधार और यातायात के दबाव को कम करने के उपायों पर विचार किया जाएगा।

शहर में बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात प्रबंधन लगातार चुनौतीपूर्ण हो रहा है। ऐसे में केवल पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के बजाय पार्किंग, सड़क प्रबंधन और ट्रैफिक सिग्नल को ध्यान में रखकर व्यापक योजना बनाने की जरूरत है।

फिलहाल प्रशासन रोडमैप तैयार करने में जुटा है। प्रस्तावित पार्किंग स्थलों और अन्य सुधारों को अंतिम रूप मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि देहरादून को जाम से राहत दिलाने के लिए कौन से कदम पहले उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!