DehradunUttrakhand

बर्फ की सफेद चादर में लिपटी बाबा केदार की नगरी: श्रद्धालुओं के चेहरे खिले, बढ़ी ठिठुरन

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात से गिरा पारा; मौसम विभाग का राज्य के कई जिलों के लिए बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में एक बार फिर हुए ताजा हिमपात के बाद पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। केदारनाथ धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से एक ओर जहां दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर अचानक तापमान गिरने से इलाके में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है।

रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया। निचले और मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि केदारनाथ धाम सहित 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। बीते कुछ दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब धाम में हिमपात हुआ है। बर्फबारी के चलते पैदा हुई ठंड से श्रद्धालुओं को राहत दिलाने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा धाम में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है।

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन और यात्रा प्रबंधन ने तीर्थयात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। केदारनाथ धाम आने वाले यात्रियों को अपने साथ पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और जरूरी दवाइयां रखने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर लें और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड के कई जनपदों के लिए अलर्ट जारी किया है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!