Dehradun

देहरादून में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला गरमाया, आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई नहीं होने से मां ने दी आंदोलन की चेतावनी

देहरादून में एक नामी स्कूल की छात्रा के साथ कथित बैड टच का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एफआईआर दर्ज होने के करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़िता का परिवार नाराज है। छात्रा की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि रविवार तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो 2 नवंबर से स्कूल के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

पीड़िता की मां के अनुसार, 24 अक्टूबर को डालनवाला कोतवाली में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार को न्याय मिलने में देरी महसूस हो रही है। मां का आरोप है कि पुलिस मामले की जांच धीमी गति से कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपी शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

मामले में स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के बयान को लेकर भी विवाद सामने आया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि जब पुलिस उन्हें और उनकी बेटी को लेकर स्कूल पहुंची, तो कुछ छात्र अपनी बात रखने के लिए आगे आए थे। लेकिन इस दौरान एक शिक्षक ने उन्हें डराने का प्रयास किया। मां ने स्कूल की एक शिक्षिका पर भी अन्य छात्राओं को बयान देने से रोकने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दूसरे बच्चों के बयान इस मामले की जांच में अहम साबित हो सकते हैं।

इसके अलावा पीड़िता की मां ने स्कूल के डायरेक्टर और प्रिंसिपल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि घटना की जानकारी परिवार को देने से रोकने और मामले को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

मां ने ऐलान किया है कि 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से स्कूल के बाहर भूख हड़ताल शुरू करेंगी। वहीं, एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और अन्य छात्राओं से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!