Dehradun

सोमेश्वर में रेखा आर्या के कार्यक्रम पर सियासी बवाल, समर्थकों ने किया स्वागत तो कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर जताया विरोध

अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक रेखा आर्या के कार्यक्रम के दौरान सियासी माहौल गरमा गया। एक ओर रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया, तो दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। दोनों पक्षों की गतिविधियों के चलते क्षेत्र में राजनीतिक हलचल देखने को मिली।

सोमेश्वर के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान मंत्री रेखा आर्या ने जनता का आभार जताते हुए भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर उनकी जन्मभूमि और पहचान से जुड़ा क्षेत्र है। यहां के लोगों का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

अपने संबोधन में रेखा आर्या ने साल 2022 से चल रही परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब परिस्थितियां बर्दाश्त से बाहर हो गईं, तब उन्होंने इसका विरोध किया। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र की जनता परिचित है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का उल्लेख करते हुए उन्होंने लोगों से एक बार फिर अपनी बेटी को आशीर्वाद देने की अपील की।

वहीं, मंत्री के कार्यक्रम के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोमेश्वर के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाते हुए मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से जुड़े आरोपों को लेकर सवाल उठाए और विरोध दर्ज कराया।

स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। एक ही दिन सोमेश्वर में हुए सम्मान समारोह और विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!