DehradunUttrakhand

ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुए बाबा केदार, अगले छह महीने यहीं होंगे शीतकालीन दर्शन

तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंची पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली; हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में गूंजे बाबा के जयकारे

रुद्रप्रयाग: ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पूरी भव्यता, विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक परंपराओं के साथ अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई है। डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही अगले छह महीने तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम भी विधिवत रूप से शुरू हो गया है। इस पावन अवसर पर पूरा ऊखीमठ क्षेत्र बाबा के जयकारों और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।

भैयादूज के पावन अवसर पर 11 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत तड़के विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठानों के बाद स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया गया था। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया था। धाम से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के साथ आगे बढ़े।                                    तीन दिवसीय यात्रा के बाद ऊखीमठ पहुंची डोली

केदारनाथ धाम से रवाना होने के बाद बाबा की डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में हुआ था। इसके बाद 12 नवंबर को डोली ने गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान किया और रास्ते में विभिन्न पड़ावों से होते हुए शाम को गुप्तकाशी स्थित ऐतिहासिक विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां रात्रि विश्राम और पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद 13 नवंबर की सुबह डोली ने अपने अंतिम शीतकालीन पड़ाव ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। विभिन्न पड़ावों से होती हुई डोली जैसे ही ओंकारेश्वर मंदिर पहुंची, वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ उसका स्वागत किया। धार्मिक विधि-विधान के अनुसार बाबा को मंदिर में विराजमान कराया गया।

श्रद्धालु अगले छह महीने कर सकेंगे दर्शन     केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब आगामी छह माह तक बाबा केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना इसी शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओंकारेश्वर मंदिर हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का मुख्य केंद्र है। शीतकाल के इन छह महीनों में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!