DehradunUttrakhandशिक्षासामाजिक

बाल दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन।

बाल दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन।

देहरादून, 14 नवम्बर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद, देहरादून द्वारा आमवाला तरला, ननूरखेड़ा स्थित बाल भवन में बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के पूर्व महासचिव श्री बालकृष्ण डोभाल ने की। इस अवसर पर परिषद की महासचिव श्रीमती आशारानी पैन्यूली, श्री आनंद मणि सेमवाल, श्री सुनील जोशी, संयुक्त सचिव श्रीमती ज्योत्सना खत्री, श्रीमती किरण खंडूरी, उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह खत्री, श्री महेश चन्द्र मैठाणी, श्रीमती कविता दत्ता, श्री मनजीत सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन चरित्र, उनके व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके इसी स्नेह और विचारों को सम्मान देने के लिए प्रतिवर्ष 14 नवम्बर को बाल दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर ग्रीन फिल्ड विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी बाल भवन, आमवाला तरला के बच्चों एवं शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, समूह गीत एवं बाल विकास से संबंधित प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही खेलकूद एवं रेस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम-
1. बुक बैलेंसिंग प्रतियोगिता
प्रथम स्थान – तनिष्क भास्कर
द्वितीय स्थान – वासु कुमार
तृतीय स्थान – ओजस्वी पंवार
2. थ्री लैग्ड चेन रेस प्रतियोगिता
प्रथम स्थान – शिवानी, गुरमीत सिंह एवं शानू श्रीसवाल (टीम)
द्वितीय स्थान – निहारिका रावत, अक्षित चौहान एवं ओजस्वी पंवार (टीम)
तृतीय स्थान – वैदिक तोमर, कनक राना एवं दिव्या ध्यानी (टीम)
कार्यक्रम के अंत में परिषद के पूर्व एवं वर्तमान महासचिव तथा उपस्थित सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। तत्पश्चात बच्चों को मिष्ठान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, प्रतिभा एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!