ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा: पुल से 100 मीटर नीचे खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 8 की मौत, 19 घायल

उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो बड़े सड़क हादसों से दहल उठी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 19 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, रुद्रप्रयाग में भी एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई।
उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह सड़क हादसों के नाम रही। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जहां हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे पानी में जा समाई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 19 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। वहीं, हादसे में 8 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।
रुद्रप्रयाग में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, चार लोगों की मौत
ऋषिकेश में हुए इस दर्दनाक हादसे के बीच रुद्रप्रयाग जिले से भी एक दुखद खबर सामने आई है। यहां बीती रात ऊखीमठ क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुए भीषण बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि टिहरी गढ़वाल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर अत्यंत दुखद है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग और टिहरी जनपद में हुई विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं पर गहरा शोक जताया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है।
उन्होंने दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

फिलहाल, ऋषिकेश बस हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान पर नजर बनी हुई है। इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।