DehradunUttrakhand

देहरादून में सर्दियों में गर्मी का अहसास, पहाड़ों में माइनस 4 डिग्री तक गिरा पारा

नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी दिन में खिल रही धूप, रात में पहाड़ों पर बढ़ने लगी ठिठुरन; मौसम विभाग ने कोहरे और बर्फबारी के संकेत दिए

देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर का तीसरा सप्ताह बीतने के बावजूद दिन के समय गर्मी का अहसास बना हुआ है। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में चटख धूप खिलने से तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में सूरज ढलते ही ठंड अपना असर दिखाने लगी है। औली और मुनस्यारी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया है।

रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रहा। पंतनगर में अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.6 और न्यूनतम 7.5 डिग्री रहा। वहीं नई टिहरी में तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया।

बारिश न होने से बढ़ रहा दिन का तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बारिश की संभावना नहीं होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पहाड़ी जिलों की घाटियों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं।

पहाड़ों में रात को कड़ाके की ठंड

पहाड़ी क्षेत्रों में दिन के समय धूप राहत दे रही है, लेकिन रात में तापमान तेजी से गिर रहा है। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री, चकराता में 1 डिग्री और औली व मुनस्यारी में पारा माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे का असर बढ़ सकता है। जनवरी तक ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!