DelhiINDIANew Delhi

DU में दो कार्यकारी और अकादमिक परिषद के चुनाव की तैयारी, दिसंबर में मतदाता सूची और जनवरी में नामांकन

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में कार्यकारी परिषद (EC) और अकादमिक परिषद (AC) के सदस्यों के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों परिषदों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत 17 दिसंबर 2026 को मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। वहीं, जनवरी 2027 में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। जरूरत पड़ने पर 4 फरवरी 2027 को मतदान कराया जाएगा। निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।

17 दिसंबर को जारी होगी मतदाता सूची

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दोनों परिषदों के लिए अलग-अलग मतदाता सूचियां जारी की जाएंगी। इनमें नाम या अन्य विवरण में किसी तरह की त्रुटि होने पर 23 दिसंबर 2026 तक सुधार कराया जा सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान का अधिकार केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनका नाम संबंधित मतदाता सूची में शामिल होगा।

4 जनवरी तक कर सकेंगे नामांकन

चुनाव में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवार 4 जनवरी 2027 को शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसी दिन शाम 4:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। जांच से जुड़े फैसले पर आपत्ति होने की स्थिति में उम्मीदवार 5 जनवरी को शाम 4 बजे तक कुलपति के समक्ष अपील कर सकेंगे।

इसके बाद 8 जनवरी 2027 को शाम 4 बजे तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची 11 जनवरी को शाम 5 बजे तक जारी कर दी जाएगी।

4 फरवरी को संभावित मतदान

दिल्ली विश्वविद्यालय ने चुनाव के लिए 4 फरवरी 2027 की तारीख तय की है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार मतदान की आवश्यकता पड़ने पर ही इस दिन चुनाव कराया जाएगा। उम्मीदवार नामांकन और नाम वापसी से संबंधित फॉर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा न्यू एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर स्थित अकादमिक ब्रांच-I के कमरा नंबर 218 से भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक फॉर्म प्राप्त किए जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!