आदिवासी अधिकारों और पर्यावरण की आवाज बनीं एम. सुचित्रा, 37 साल की पत्रकारिता के लिए मिला रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड

विजयवाड़ा: पर्यावरण संरक्षण, आदिवासी अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के केंद्र में रखने वाली वरिष्ठ पत्रकार एम. सुचित्रा को रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। 16 नवंबर को विजयवाड़ा में आयोजित समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
एम. सुचित्रा ने अपने 37 वर्षों के पत्रकारिता सफर में उन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की खबरों में जगह नहीं मिल पाती। आदिवासी समुदायों की समस्याएं, महिलाओं और बच्चों की स्थिति, पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु संकट और अवैध खनन जैसे विषय उनकी रिपोर्टिंग के केंद्र में रहे हैं।
न्यूक्लियर फिजिक्स में मास्टर डिग्री हासिल करने वाली सुचित्रा ने पत्रकारिता की शुरुआत सब-एडिटर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया के साथ स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर भी काम किया। डाउन टू अर्थ, द न्यू इंडियन एक्सप्रेस, द वायर और द कारवां जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उनका जुड़ाव रहा है।
केरल के अट्टापडी क्षेत्र में आदिवासी समुदायों के बीच कुपोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर जैसे गंभीर मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। वर्ष 2006 में उन्हें मनीला में डेवलपिंग एशिया जर्नलिज्म अवॉर्ड्स के तहत ‘ओवरऑल डेवलपमेंट जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा गया था।
कोच्चि के ब्रह्मपुरम कचरा प्लांट में लगी आग और उससे फैले जहरीले धुएं पर भी उन्होंने विस्तार से रिपोर्टिंग की। वहीं, अवैध रेत खनन और आयरन ओर माइनिंग जैसे पर्यावरण से जुड़े अपराधों को भी लगातार उजागर किया।
सुचित्रा का मानना है कि पर्यावरण का मुद्दा केवल पेड़-पौधों और नदियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर मानवाधिकार और सामाजिक न्याय से जुड़ा है। उनका कहना है कि जलवायु संकट का सबसे ज्यादा असर उन समुदायों पर पड़ता है, जिनका इसमें योगदान सबसे कम है।
रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड मिलने पर उन्होंने इसे उपलब्धि के साथ एक नई जिम्मेदारी बताया। उनका कहना है कि ईमानदार और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए उन मुद्दों को उठाना जरूरी है, जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं।