देहरादून में 25 अक्टूबर से सजेगा अंतरराष्ट्रीय साहित्य महाकुंभ, 40 देशों के हिंदी प्रेमी होंगे शामिल

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में साहित्य, संस्कृति और भारतीय भाषाओं को समर्पित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव आयोजित किया जाएगा। थानो स्थित लेखक गांव में 25 से 29 अक्टूबर तक होने वाले ‘लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026’ में 40 देशों के हिंदी प्रेमियों और विदेशी विद्यार्थियों की भागीदारी प्रस्तावित है। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की घोषणा की।
महोत्सव की मुख्य थीम ‘भारतीय भाषाएं एवं संयुक्त राष्ट्र में हिंदी’ रखी गई है। कार्यक्रम में हिंदी को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा बनाने की संभावनाओं, विदेशों में हिंदी शिक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा के वैश्विक प्रसार पर विचार-विमर्श होगा। साहित्यकारों, शिक्षाविदों, कलाकारों और पत्रकारों की मौजूदगी में विभिन्न भाषाओं एवं संस्कृतियों के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।
राज्यपाल करेंगे उद्घाटन, समापन में उपराष्ट्रपति की भागीदारी
कार्यक्रम पुस्तिका के अनुसार, 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र होगा। इसमें उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि होंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति और मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन की अध्यक्षता निर्धारित है। वहीं, 29 अक्टूबर के समापन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने का कार्यक्रम है।
एआई से लेकर हिमालय की चुनौतियों तक होगी चर्चा
महोत्सव के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल संस्कृति, युवा नेतृत्व, अनुवाद, नई शिक्षा नीति-2020, जलवायु परिवर्तन और हिमालय के भविष्य जैसे विषयों पर सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा प्रवासी साहित्य, भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद-पुराण, शोध और समकालीन लेखन पर भी विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
आयोजन में पुस्तक मेला, चित्रकला प्रदर्शनी और बाल सृजन उत्सव आकर्षण का केंद्र होंगे। 28 अक्टूबर को हिंदी, गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। समापन दिवस पर योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा पर भी चर्चा होगी। आयोजकों के मुताबिक, इस महोत्सव का उद्देश्य हिंदी सहित भारतीय भाषाओं को वैश्विक पहचान दिलाना और नई पीढ़ी को साहित्य एवं संस्कृति से जोड़ना है।