त्रिपुरा में सुरक्षा बलों पर हमला: आशाबाड़ी में बीएसएफ जवानों से मारपीट और हथियार छीनने का प्रयास, 8 आरोपी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने घटना की सख्त निंदा की; आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के दिए निर्देश

अगरतला: त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के बॉक्सानगर अंतर्गत आशाबाड़ी सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर उपद्रवियों के एक समूह द्वारा हिंसक हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। बदमाशों ने न केवल जवानों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, बल्कि उनके हथियार छीनने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने की भी कोशिश की।
घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में छापेमारी कर हमले में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के खिलाफ हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों को घटना के जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना में शामिल हर एक दोषी को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को आशाबाड़ी क्षेत्र में गश्त और ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ के जवानों को उपद्रवियों ने निशाना बनाया था। अचानक हुए इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही सीमावर्ती क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।