स्थानीय लोगों के लिए टैक्स फ्री हुआ बहादराबाद टोल प्लाजा, घेराव के बाद मिली बड़ी जीत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विधायक रवि बहादुर ने टोल प्लाजा का घेराव किया. इस दौरान उन्होंने यहां धरना दिया.

मंगलवार सुबह ज्वालापुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने बहादराबाद टोल प्लाजा का घेराव किया. इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल रहे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन के दौरान टोल प्लाजा पर ही धरना जमा दिया.सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने टोल फ्री करवा दिया. वाहनों को बिना शुल्क गुजरने दिया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों पर अड़े रहते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.विधायक रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि नियमों के विपरीत जाकर टोल कर्मियों द्वारा क्षेत्र के स्थानीय लोगों जबरन टोल वसूला जा रहा है, जबकि उन्हें छूट मिलनी चाहिए. आये दिन टोल कर्मी राहगीरों से अभद्रता और मारपीट करते हैं. रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के लोग टोल भी खेल रहे हैं. सुविधा के नाम पर टोल पर जाम मिलता है, एम्बुलेंस निकाने जाने की जगह नहीं मिल पाती.
स्थानीय लोगों को रोजगार देने की बजाय बाहरी लोगों को टोल पर रखा गया है. चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजवीर चौहान ने कहा जब बहादराबाद टोल प्लाजा को शुरू किया गया था, तब स्थानीय लोगों को टोल टैक्स से छूट देने का वादा किया गया था. अब यह सरकार अपने वादे से मुकर गई है. स्थानीय लोगों के आधार कार्ड देखने के बाद भी टोल कर्मी टैक्स काट लेते हैं. वहीं यूथ कांग्रेस के जिला सचिव सार्थक ठाकुर ने कहा कि यदि टोल कर्मियों की मनमानी नहीं रोकी गई तो, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर उग्र आंदोलन करेंगे.
दो घंटे बाद टोल प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. टोल प्रबंधन के बीच वार्ता की गई. वार्ता में तय हुआ कि एक लेन स्थानीय लोगों के लिए टैक्स फ्री रहेगी. इसके बाद धरने को समाप्त किया गया.