DehradunUttrakhand
देहरादून में बहन के साथ घर जा रहे बैंककर्मी को बाइक सवारों ने मारी गोली, आरोपी फरार

देहरादून के बड़ोवाला क्षेत्र में मंगलवार रात एक निजी बैंककर्मी पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। सत्यम नाम का युवक अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और अचानक गोली चला दी।
फायरिंग में गोली सत्यम के पेट को छूते हुए निकल गई। घायल को तत्काल श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग बढ़ाने के साथ नाकेबंदी कर दी। हालांकि देर रात तक हमलावर पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। पुलिस सत्यम की चचेरी बहन से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।