Uncategorized

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज से उत्तराखंड दौरा, दुल्हन की तरह सजा पार्टी कार्यालय

दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे नितिन नवीन, संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद का कार्यक्रम; स्वागत को लेकर भाजपा में उत्साह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज से उत्तराखंड दौरा शुरू हो रहा है। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राजधानी देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है। पार्टी कार्यालय को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और स्वागत बैनरों से इस तरह सजाया गया है कि वह किसी दुल्हन की तरह नजर आ रहा है।भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर उत्साह चरम पर है। जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे और आगामी कार्यक्रमों व चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।तय कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 28 मई यानी आज शाम करीब 6 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन सबसे पहले भाजपा की कोर कमेटी के साथ अहम बैठक करेंगे।

वहीं, 29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह करीब 7:30 बजे देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह भगवान महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर से लौटने के बाद वह करीब एक घंटे तक मुख्यमंत्री आवास में समय बिताएंगे, जहां मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रदेश भाजपा नेतृत्व का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को और मजबूती देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा। वहीं, भाजपा कार्यालय और प्रमुख स्थानों पर स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए भव्य स्वागत की तैयारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!