उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा आज से शुरू, बदरीनाथ और गोल्ज्यू मंदिर से होगा आगाज

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ जन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज से न्याय यात्रा शुरू करने जा रही है। 22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में जनता के बीच पहुंचकर बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। यात्रा की शुरुआत चमोली जिले के बदरीनाथ धाम और अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, न्याय यात्रा के जरिए राज्य सरकार की नीतियों और जनता से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा में शामिल होकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को जानेंगे।
26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे नेता
कांग्रेस की योजना के मुताबिक, गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में यात्रा के जरिए जनसमर्थन जुटाया जाएगा। हरिद्वार और ऋषिकेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस भवन में जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक भी हुई। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यात्रा की रणनीति और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के युवा रोजगार के लिए परेशान हैं, जबकि महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि न्याय यात्रा का उद्देश्य केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को सामने लाना भी है। पार्टी इस अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में लोगों से संपर्क कर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी। अब यात्रा के जरिए कांग्रेस जनता के बीच कितना समर्थन जुटा पाती है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।