यूएनसीए की फोटो प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता में दिखे उत्तराखंड के विविध रंग

उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन (यूएनसीए) द्वारा रविवार को दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में उत्कृष्ट छायांकन कला को समर्पित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा ली गई संवेदनशील और प्रभावशाली तस्वीरों के माध्यम से उत्तराखंड के विविध रंगों, लोक-संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और समसामयिक विषयों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया।
इस अवसर पर डॉ. निशंक ने कहा कि मोबाइल फोन ने फोटोग्राफी को लोकतांत्रिक बना दिया है। आज कोई भी व्यक्ति किसी घटना का फोटो या वीडियो बनाकर कुछ ही क्षणों में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर सकता है, लेकिन तस्वीर लेना और फोटो जर्नलिज्म करना दोनों अलग-अलग बातें हैं।

उन्होंने कहा कि एक फोटो जर्नलिस्ट केवल तस्वीर नहीं लेता, बल्कि समय को दर्ज करता है। वह घटनाओं का साक्षी, समाज का आईना और इतिहास के उन महत्वपूर्ण पलों का संरक्षक होता है, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां वर्षों बाद देखकर सीखती हैं।
यूएनसीए के अध्यक्ष राजू पुशोला ने कहा कि फोटो जर्नलिज्म के सामने एआई तकनीक ने विश्वसनीयता को लेकर एक गंभीर चुनौती खड़ी की है। उन्होंने कहा कि एक वास्तविक फोटो जर्नलिस्ट की सबसे बड़ी ताकत उसका कैमरा नहीं, बल्कि उसकी ईमानदारी, अनुभव, नजर और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता होती है।

उन्होंने कहा कि यूएनसीए का प्रयास है कि तस्वीरों में हमेशा सत्यता बनी रहे, नजर में संवेदना हो, कैमरे के पीछे जिम्मेदारी हो और फोटो जर्नलिज्म की विश्वसनीयता सदैव जीवित रहे।
इस अवसर पर मॉनसून थीम पर आयोजित फोटो प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में दून विश्वविद्यालय की छात्रा समृद्धि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रितिका पाल को द्वितीय पुरस्कार मिला। रिद्धि ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, सुवानी कृष्णा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी फोटो जर्नलिस्टों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर वरिष्ठ कैमरामैन किशोर अरोड़ा, फोटोग्राफर इंद्रदेव रतूड़ी और जितेंद्र नेगी को मीडिया जगत में उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। हाल ही में उत्तराखंड सिने अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार प्राप्त करने वाले कैलाश कंडवाल को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पुनीत मित्तल और बीर सिंह पवार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अतिरिक्त, दून विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष फोटो जर्नलिज्म कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला में अनुभवी छायाकारों ने विद्यार्थियों को फील्ड रिपोर्टिंग, समाचार छायांकन और फोटोग्राफी की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया।
समारोह में उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू पुशोला, सचिव मुकेश राजपूत, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष कैलाश कंडवाल, सह-सचिव अफजाल अहमद तथा कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, दयाल बिष्ट, संजय नेगी, नवीन कुमार, उमाशंकर कुकरेती, बिपिन नौटियाल, अजय लाल, सतपाल गांधी और मनीष पंडित सहित अनेक अतिथिगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन यूएनसीए के सचिव मुकेश राजपूत ने किया।