महाराष्ट्र

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में आग, तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कोहिनूर एचडीआईएल की 13 मंजिला इमारत के बिजली के डक्ट में लगी आग के कारण तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 6:53 बजे कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर पांच में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बिजली के डक्ट और तारों में फैल गई, जिससे इमारत के कुछ हिस्सों में धुआं भर गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सुबह 7:21 बजे तक आग बुझा दी।

धुएं से आठ लोगों को हुई परेशानी

अधिकारियों ने बताया कि आग के कारण इमारत में धुआं फैल गया था। इससे आठ लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई। घायलों में पांच साल का एक बच्चा, दो किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं।

सभी नौ घायलों को उपचार के लिए राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अस्पताल से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।

कई विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई अग्निशमन दल के साथ पुलिस, बिजली कंपनी के कर्मचारी, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के दौरान प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। बिजली के डक्ट में आग लगने की इस घटना ने बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा और बिजली व्यवस्था के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सतर्कता की जरूरत को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!