राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय देहरादून दौरा

उत्तराखंड : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार शाम को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच गईं। उत्तराखंड की राजधानी में उनके स्वागत के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया। यह दौरा 19 जून से 21 जून 2025 तक चलेगा।
एयरपोर्ट से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति निकेतन में स्थित भव्य एम्फीथिएटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के आवासीय क्वार्टर, अस्तबल और बैरकों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी संपन्न किया।
दूसरे दिन का कार्यक्रम
20 जून को राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति निकेतन को जनसामान्य के लिए खोलने के विशेष समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे विजिटर फैसिलिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया और सोविनियर शॉप जैसी जनसुविधाओं का उद्घाटन करेंगी। राजपुर रोड पर स्थित राष्ट्रपति तपोवन का उद्घाटन और राष्ट्रपति उद्यान का शिलान्यास भी इसी दिन होगा।
दोपहर में राष्ट्रपति नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंपावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद विजुअल डिसएबिलिटीज (एनआईईपीवीडी) का दौरा करेंगी। वहां वे एक प्रदर्शनी और मॉडल स्कूल साइंस लैब देखेंगी तथा छात्रों से बातचीत करेंगी। शाम के समय राजभवन नैनीताल की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन होगा।
तीसरे दिन का कार्यक्रम
21 जून को अपने दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक योग प्रदर्शन में भाग लेंगी।राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन दोनों स्थल 24 जून से आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे।
स्वागत समिति
एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति के स्वागत में राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।