नई दिल्ली में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से की भेंट

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2025: हरिद्वार के सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात की। इस अवसर पर सांसद त्रिवेन्द्र ने केंद्रीय मंत्री को दीपोत्सव की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड के पर्वतीय अंचलों की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पाद भेंट किए।
सांसद ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘नारी शक्ति’ के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाएं स्थानीय संसाधनों से जो उत्पाद तैयार कर रही हैं, वे न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम हैं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपरागत कारीगरी का प्रतिनिधित्व भी करते हैं।

त्रिवेन्द्र ने कहा कि इस तरह के उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के विज़न को भी सशक्त बनाते हैं।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक, विकासात्मक और सामाजिक मुद्दों पर भी सकारात्मक व रचनात्मक चर्चा हुई।