रुड़की में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी छापेमारी, पाकिस्तान से कथित करोड़ों के लेनदेन मामले में युवती गिरफ्तार
संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में रुड़की पहुंची टीम, पूछताछ के बाद युवती को हिरासत में लिया

हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को कथित तौर पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जम्मू के कठुआ जिले में गिरफ्तार एक युवक से मिली जानकारी के आधार पर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर गांव पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की गई। इस दौरान एक युवती को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, मामला पाकिस्तान के माध्यम से कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई है। बावजूद इसके, जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन में संलिप्त था। उसी युवक से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर रुड़की में यह कार्रवाई की गई।