
देहरादून।
नगर निगम देहरादून द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने तथा डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में सफाई, कूड़ा उठान एवं डेंगू नियंत्रण कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, नाला-नालियों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों पर कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंगलवार को नगर निगम परिसर में हुई बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई एवं कूड़ा उठान कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित रूट एवं समय के अनुसार डोर-टू-डोर कूड़ा उठान हो तथा किसी भी क्षेत्र में कूड़ा लंबे समय तक जमा न रहने पाए। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय की जाए। डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सफाई एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे मच्छरों के प्रजनन की संभावना को कम किया जा सके।
नगर आयुक्त ने फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा कार्यों की क्षेत्रवार मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में दोबारा कार्रवाई की जा सके।
नगर आयुक्त ने शहर की नालियों एवं नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को मौके पर छोड़ने के बजाय तत्काल उठाकर निर्धारित स्थल तक पहुंचाने को कहा गया।डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर क्षेत्र के सुपरवाइजर/सफाई निरीक्षक/ मुख्य सफाई निरीक्षक पर विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा व्यवस्था को समयबद्ध एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, खाली भूखंडों, नालियों एवं अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध चालान एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर बार-बार कूड़ा डाले जाने की शिकायत अथवा स्थिति सामने आती है, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी एवं जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। निगरानी के माध्यम से खुले में कूड़ा फेंकने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उपलब्ध फोटो/वीडियो साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम क्षेत्र में संचालित दुकानों, प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक संस्थानों को अपने प्रतिष्ठान के बाहर पर्याप्त क्षमता के डस्टबिन रखने के लिए निर्देशित करने को कहा गया प्रतिष्ठान संचालकों को अपने यहां उत्पन्न कूड़े को खुले में न डालने तथा नगर निगम की अधिकृत कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को ही कूड़ा सौंपने के लिए जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन को लेकर शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। नागरिकों को निर्धारित कूड़ा संग्रहण वाहन में ही कूड़ा डालने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने तथा गीले एवं सूखे कूड़े को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नगर निगम एवं संबंधित एजेंसियों के सफाई कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस पहनकर ही कार्य करने के निर्देश दिए गए। इससे कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट होने के साथ-साथ कार्यों में अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी। बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किए जाने पर भी जोर दिया गया।शहर में जहां भी GVP प्वाइंट बने हुए हैं, उन्हें चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए हटाने के निर्देश दिए गए। ऐसे स्थानों पर दोबारा कूड़ा जमा न हो, इसके लिए नियमित सफाई, निगरानी एवं जनजागरूकता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करते हुए सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। आमजन से अपील की गई कि कूड़ा खुले में अथवा नालियों में न डालें, अपने प्रतिष्ठान/व्यवसायिक परिसर के बाहर डस्टबिन रखें तथा कूड़ा नगर निगम के अधिकृत कूड़ा संग्रहण वाहन को ही दें।
नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं डेंगूमुक्त देहरादून के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, फॉगिंग, एंटी-लार्वा अभियान, जनजागरूकता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।
बैठक में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉo आनन्द शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।