कोटद्वार में दुकान विवाद के बाद युवक को जान से मारने की धमकी,
सोशल मीडिया वीडियो से फैली सनसनी

कोटद्वार: में 26 जनवरी को दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित दीपक कुमार ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के जरिए धमकी मिलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीपक कुमार के अनुसार, विवाद के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। वीडियो में न केवल धमकी दी गई, बल्कि दीपक की हत्या करने वाले को दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है। इस धमकी के बाद दीपक और उनका परिवार दहशत में है।
पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।