DehradunUttrakhandउत्तराखंडदेहरादून

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देहरादून साइक्लिंग क्लब की 45 किमी साइकिल यात्रा, पर्यावरण संरक्षण और मानवता का दिया संदेश

देहरादून। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा कोठाल गेट तक 45 किलोमीटर की विशेष साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं—मानवता, समानता, ईमानदारी, सेवा, प्रकृति प्रेम और आपसी भाईचारे—को जन-जन तक पहुँचाना रहा।

साइकिल यात्रा प्रातः 5 बजे प्रेमनगर से प्रारंभ हुई। इससे पूर्व क्लब के साइकिलिस्टों ने प्रभात फेरी में सहभागिता की और गुरु नानक देव जी का स्मरण करते हुए साइकिल यात्रा शुरू की।

यात्रा का मार्ग प्रेमनगर से पंडितवाड़ी, बल्लूपुर, किशन नगर चौक, यमुना कॉलोनी, बिंदाल पुल, घंटाघर, पैसिफिक मॉल, मसूरी डायवर्जन, साईं मंदिर, पुरानी मसूरी रोड होते हुए कोठाल गेट तक रहा। वापसी में साइकिलिस्ट कोठाल गेट से डीआईटी, रॉबर्स केव, सप्लाई चौक, गढ़ी कैंट, कौलागढ़ चौक और बल्लूपुर चौक होते हुए प्रेमनगर पहुँचे।

यात्रा का नेतृत्व वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़ एवं राकेश थापा ने किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार ने साइकिलिस्टों को गुरु नानक देव जी की प्रमुख शिक्षाओं—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई एवं संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करना ही सच्चे जीवन का आधार है।

जयन्ती प्रसाद गौड़ ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं की आधुनिक समय में प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि आज के दौर में जब समाज भेदभाव, स्वार्थ, तनाव और पर्यावरण संकट जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, तब गुरु नानक देव जी का समानता, सेवा, सद्भाव और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षाओं को केवल विचारों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।

राकेश थापा ने साइकिलिस्टों को अनुशासन बनाए रखने, नियमित रूप से साइकिल चलाने तथा स्वयं को हर दिन पहले से बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने वरिष्ठ साइकिलिस्टों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सभी साइकिलिस्टों को ईमानदारी, ईश्वर से जुड़ाव, जरूरतमंदों की सहायता और सही जीवन मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी है। उन्होंने सभी साइकिलिस्टों एवं सिख समुदाय को गुरु पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने गुरु नानक देव जी के पावन श्लोक—

“पवणु गुरु पानी पिता माता धरति महतु।”

का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने वायु को गुरु, जल को पिता और धरती को माता के समान सम्मान दिया है। यह संदेश आज देहरादून के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है, जहाँ बढ़ता वायु प्रदूषण, जल स्रोतों का प्रदूषण और हरित क्षेत्रों में कमी गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि हम वास्तव में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का सम्मान करना चाहते हैं, तो स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और हरित धरती के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। साइकिल का अधिकाधिक उपयोग प्रदूषण कम करने, यातायात की समस्या घटाने और स्वस्थ एवं हरित देहरादून के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

इस यात्रा के दौरान देहरादून साइक्लिंग क्लब के साइकिलिस्ट को ओल्ड मसूरी रोड पर महिला शक्ति डॉ शिवानी पांडे, डॉ मुक्ता गोयल, डॉ प्रियंका पांडे, श्रीज़ मंजुषा, श्री मीनाक्षी और श्री शालिनी सक्सेना से मिलना हुआ जहां सेहत, वॉक , रनिंग और साइक्लिंग पर चर्चा भी हुई ।

इस साइकिल यात्रा में सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, राकेश थापा, अजय अग्रवाल, हरिसिमरन सिंह, रिकी गोस्वामी, आरती, प्रणय पंत, आदर्श रावत, आर्यन चौहान, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, अमन, प्रांजल कपूर, अनमोल चौधरी, प्रयाग नेगी, जय आदित्य टाटरान, सर्वज्ञ रावत एवं अर्नव रावत सहित अनेक साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

देहरादून साइक्लिंग क्लब का संदेश:

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाएँ—ईमानदारी से जिएँ, जरूरतमंदों के साथ बाँटें, प्रकृति का सम्मान करें और मानवता की सेवा करें। स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और हरित देहरादून के निर्माण में अपना योगदान दें।

देहरादून साइक्लिंग क्लब
मीडिया सेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!