भारत-नेपाल के बीच छारछुम पुल का लोकार्पण, सीमांत क्षेत्रों में आवागमन और व्यापार को मिलेगी मजबूती

पिथौरागढ़। भारत और नेपाल के बीच सीमा पार संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील में काली नदी पर निर्मित छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से वर्चुअल लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल भारत के धारचूला क्षेत्र को नेपाल के दार्चुला जिले के असिगाड़ा से जोड़ता है। पुल बनने से सीमावर्ती गांवों के लोगों को नदी पार करने के लिए अब पहले की तरह कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मोटर मार्ग से जुड़ने के बाद स्थानीय लोगों की आवाजाही सुगम होगी और दोनों देशों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों को मिलेगी विकास की नई राह
छारछुम पुल का निर्माण भारत सरकार की सहायता से कराया गया है। सितंबर 2022 में पुल का शिलान्यास किया गया था। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से पूरा किया गया। उत्तराखंड में भारत-नेपाल सीमा पर यह महत्वपूर्ण मोटर संपर्क मार्ग दोनों देशों के बीच परिवहन सुविधाओं को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाएगा।
पुल के शुरू होने से धारचूला और नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को भी इससे मजबूती मिलेगी।
बनबसा में ड्राई पोर्ट का भी शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की वार्ता के दौरान चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना से भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर सुविधाएं मिलने और माल परिवहन को अधिक व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है।
छारछुम पुल का लोकार्पण और बनबसा में ड्राई पोर्ट की परियोजना दोनों देशों के बीच सीमा पार बुनियादी ढांचे को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही हैं। इससे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ भारत और नेपाल के संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।