डोईवाला में तेज बहाव से बहा अस्थायी पुल, कई गांवों का संपर्क टूटा
स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित, स्थायी पुल में देरी पर विभागों से नाराजगी

लगातार हो रही बारिश ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की गडूल ग्राम पंचायत के शीला की चौकी इलाके में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज बहाव के चलते ग्रामीणों की आवाजाही के लिए बनाया गया अस्थायी पुल बह गया, जिससे आसपास के कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
पुल बहने के बाद स्कूली बच्चों, नौकरी पर जाने वाले लोगों और मरीजों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण अमगड़ गदेरा उफान पर है, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्थायी पुल की मांग पिछले एक साल से की जा रही है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में उन्होंने अपने स्तर पर अस्थायी पुल तैयार किया था, लेकिन तेज पानी के बहाव में वह भी बह गया। अब कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया है और लोगों को लंबा व जोखिम भरा रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि इलाके के कुछ मकान नदी के कटाव और बढ़ते जलस्तर की जद में हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी पुल के निर्माण और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।