गौलापार में दर्दनाक हादसा: बंद पानी की टंकी से निकली जहरीली गैस, मां और दो बेटों की मौत
मानपुर पश्चिम गांव में एक-दूसरे को बचाने की कोशिश बनी काल, बेसमेंट की बंद टंकी में दम घुटने से तीन लोगों ने गंवाई जान; प्रशासन ने जांच शुरू की।

हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घर के बेसमेंट में बनी लंबे समय से बंद पानी की टंकी का ढक्कन खोलते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में मां और उनके दो बेटे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र बिष्ट (40 वर्ष) और छोटे बेटे खुशाल बिष्ट इस हादसे का शिकार हुए। बताया जा रहा है कि टंकी के पास पहुंचते ही परिवार के एक सदस्य का दम घुटने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरे सदस्य नीचे उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों बेसमेंट में बेहोश हो गए।
पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीएम मोनिका आर्य के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि लंबे समय से बंद पड़ी टंकी के भीतर जहरीली गैस जमा हो गई थी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि गैस किस प्रकार की थी और उसकी मात्रा कितनी थी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद चोरगलिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बंद पानी की टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपकरणों के प्रवेश न करें। ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।