दिल्ली-एनसीआर: मौसम ने बदली करवट, बारिश से मिली गर्मी से राहत

दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को दिन भर चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी के बाद शाम को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश ने लोगों को राहत प्रदान की। इस सीजन के सबसे गर्म दिन के बाद मौसम विभाग ने शनिवार के लिए हल्की बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, शाम 5:30 बजे तक 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली।
शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आज दिन भर तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और तेज हवाएं चलती रहेंगी। 18 मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 15-35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक, 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक तापमान था। कुछ इलाकों में तो पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि, शाम को मौसम के अचानक बदलाव ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत प्रदान की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी।