INDIANew Delhi

पाकिस्तान से संचालित 5 आतंकियों की 29 कनाल जमीन कुर्क, आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की थी साजिश

जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं पांचों आतंकी; जमीन बेचकर आतंकी गतिविधियों के लिए जुटाने वाले थे धन

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान से संचालित हो रहे रियासी जिले के पांच आतंकवादियों की करीब 29 कनाल जमीन कुर्क कर ली गई है। जांच में सामने आया है कि ये आतंकी अपनी जमीन बेचकर उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों को दोबारा बढ़ावा देने के लिए करने की साजिश रच रहे थे। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 की धारा 25 के तहत की है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा पुलिस और प्रशासन को आतंकवादियों तथा देशविरोधी तत्वों की संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाने के कुछ दिनों बाद यह कार्रवाई हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि पाकिस्तान से गतिविधियां संचालित कर रहे रियासी जिले के पांच कुख्यात आतंकवादियों की लगभग 29 कनाल भूमि कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है।

इन पांच आतंकियों की जमीन हुई कुर्क

पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियां रियासी जिले के पांच आतंकवादियों की हैं। इनमें माहौर तहसील के शडोले निवासी मुहम्मद कयूम उर्फ अब्दुल कयूम की करीब दो कनाल और साढ़े सात मरला जमीन, बद्दर निवासी बशीर अहमद उर्फ मसूम की तीन कनाल आठ मरला जमीन और अरनास तहसील के हुंदर निवासी शौकत अली की तीन कनाल 10 मरला जमीन शामिल है।

इसके अलावा थूरू तहसील के खांटी निवासी मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन की 15 कनाल 19 मरला और थूरू निवासी इम्तियाज अहमद की तीन कनाल 10 मरला जमीन भी कुर्क की गई है।

हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं आतंकी, युवाओं को कर रहे थे कट्टरपंथी

पुलिस के आदेश के अनुसार, ये सभी आतंकवादी हथियारों और गोला-बारूद का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे। इनका संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से बताया गया है। आरोप है कि ये आतंकी युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और रियासी जिले में आतंकवादी गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की कोशिशों में जुटे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पांचों आतंकी अपनी जमीन बेचने की तैयारी कर रहे थे। जमीन की बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल इलाके में आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जाना था। इसी साजिश को नाकाम करने के उद्देश्य से उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में माहौर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है।

एलजी के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि 20 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस और सिविल प्रशासन को आतंकवादियों तथा देशविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों की संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जा रहा है। पांच आतंकियों की जमीन कुर्क किया जाना इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!