Uttrakhandउत्तराखंड

डेनिस के साथ हरीश रावत ने साझा किया वीडियो, बोले- भाजपा के दोस्त भी गुनगुनी धूप में ब्रांड का आनंद लें

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। कभी जनसभाओं तो कभी राजनीतिक बयानों के जरिए वह भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर एक बार फिर डेनिस ब्रांड के बहाने भाजपा पर तंज कसा है। खास बात यह है कि इस बार उनका अंदाज राजनीतिक होने के साथ-साथ हल्का-फुल्का भी नजर आया।

दरअसल, हरीश रावत ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान प्रदेश में डेनिस नाम से शराब का ब्रांड बाजार में उतारा था। इसके बाद से ही डेनिस उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा लगातार इस मुद्दे को लेकर हरीश रावत और उनकी सरकार पर हमलावर रही है। वहीं, हरीश रावत भी समय-समय पर डेनिस को लेकर भाजपा पर पलटवार करते रहे हैं।

हरीश रावत का कहना रहा है कि जिस डेनिस को कांग्रेस सरकार के समय भाजपा जहर बताती थी, वही डेनिस भाजपा के शासनकाल में भी बिक रही है। यहां तक कि उन्होंने पूर्व सैनिकों की कैंटीन में भी इसकी बिक्री होने का जिक्र करते हुए भाजपा पर सवाल उठाए थे।

डेनिस के साथ गेठी का लिया आनंद, फेसबुक पर साझा किया वीडियो

अब हरीश रावत ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने अपने गांव मोहनरी की खूबसूरत सुबह और गुनगुनी धूप का जिक्र करते हुए डेनिस के साथ गेठी का आनंद लेने की बात कही है।

उन्होंने लिखा कि जाड़ों के दिनों में गांव में गुनगुनी धूप मिलती है। चारों तरफ हरियाली और पहाड़ियां दिखाई देती हैं। थोड़ा आगे बढ़कर देखने पर हिमालय के दर्शन होते हैं। ऐसे में उनके मन में विचार आया कि क्यों न अपने गांव मोहनरी में सुबह की गुनगुनी धूप के बीच डेनिस के साथ अपनी प्यारी गेठी का आनंद लिया जाए।

भाजपा को भी दिया ब्रांड का आनंद लेने का न्योता

हरीश रावत ने अपने पोस्ट में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी चुटकी ली। उन्होंने लिखा, ‘‘भाजपा के दोस्तों! यह देखो, मेरे हाथ में डेनिस का गिलास है। मैं गेठी के साथ डेनिस (चाय) का आनंद ले रहा हूं। तो आप भी इसी तरीके से गुनगुनी धूप में डेनिस नहीं तो हिलटॉप, माल्टा, काफल—क्या-क्या ब्रांड आपने बना दिए हैं, उनका आनंद लीजिए, मगर आनंद जरूर लीजिए।’’

हरीश रावत के इस पोस्ट को भाजपा पर उनके पुराने राजनीतिक तंज से जोड़कर देखा जा रहा है। डेनिस को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले भी कई बार सियासी बयानबाजी हो चुकी है। ऐसे में हरीश रावत का यह वीडियो एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!