स्वदेशी महोत्सव में महिला उद्यमियों का सम्मान, कुसुम कंडवाल बोलीं- आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव है महिला सशक्तिकरण

महिला सशक्तिकरण के लिए आर्थिक मजबूती के साथ निर्णय लेने की स्वतंत्रता और प्रतिभा को निखारने के अवसर जरूरी : कुसुम कंडवाल
स्वदेशी महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं, शिल्पकारों और उद्यमियों को दे रहा बेहतर मंच, सांस्कृतिक विरासत को भी मिल रही नई पहचान
देहरादून।राजधानी देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। महोत्सव के छठे दिन बुधवार को महिला उद्यमियों के सम्मान में ‘उद्यमिता महिला सम्मान समारोह’ और साहित्यिक अभिव्यक्ति को समर्पित ‘मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। स्मृति विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला उद्यमियों के योगदान को सराहा गया। साथ ही महिलाओं की आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार साझा किए गए।

महिलाओं की आर्थिक मजबूती से बनेगा आत्मनिर्भर समाज : कुसुम कंडवाल
उद्यमिता महिला सम्मान समारोह में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उमा संस्था की अध्यक्ष साधना शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक एवं उत्तराखंड संस्थागत सेवा बोर्ड की सदस्य रमिंद्री मंद्रवाल उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुसुम कंडवाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वयं निर्णय लेने की स्वतंत्रता और अपनी प्रतिभा को निखारने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं में उद्यमिता और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहा महोत्सव : आर्येंद्र शर्मा
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में वरिष्ठ समाजसेवी आर्येंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विंडलास बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड ग्रुप के अध्यक्ष अशोक विंडलास ने की।

इस अवसर पर आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं। स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन केवल स्थानीय उत्पादों और व्यापार को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं, शिल्पकारों और उद्यमियों को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहे हैं।
वहीं, अशोक विंडलास ने महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमियों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ स्वदेशी उत्पादों को बाजार में नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कवयित्रियों की रचनाओं ने बांधा समां, नारी संवेदना और सामाजिक सरोकारों की दिखी झलक
सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन रहा। इसमें आमंत्रित प्रख्यात कवयित्रियों ने अपनी कविताओं और रचनाओं के माध्यम से साहित्य, समाज, नारी संवेदना और जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
सम्मेलन में मीरा नवेली, अंशु जैन, रेणु झा, भारती मिश्रा, नीरू गुप्ता, उर्मिला सिंह, शिवानी रात्रा, गार्गी मिश्रा, तस्नीमा कौसर और कविता बिष्ट ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। कवयित्रियों की रचनाओं ने जहां नारी शक्ति और सामाजिक सरोकारों को स्वर दिया, वहीं साहित्य प्रेमियों को भी मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम का संचालन कवयित्री एवं शायरा मीरा नवेली ने किया। इसके अलावा जुनून दास अकादमी के निदेशक करताना सिंगल के नेतृत्व में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
सरकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल बने आकर्षण
स्वदेशी महोत्सव में सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। महोत्सव में ग्राम्य विकास विभाग, उद्योग विभाग, यूपीसीएल, एमडीडीए, पिटकुल, उरेडा, यूजेवीएनएल, डेयरी विकास विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विभाग सहित विभिन्न संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं।
इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादकों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्मृति विकास संस्थान के पदाधिकारियों के साथ उमेश कनौजिया, धीरेंद्र प्रताप सिंह, शशिकांत दुबे, वरिष्ठ कवि श्रीकांत शर्मा, जसवीर हालदार, डॉ. शिल्पा, डॉ. सुधांशु ध्यानी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला उद्यमी, साहित्यकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कुल मिलाकर स्वदेशी महोत्सव महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उद्यमिता, साहित्य और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर जोड़ने का प्रभावी प्रयास साबित हो रहा है।