सामाजिक

कनाडा के छह राजनयिकों को भारत ने किया निष्कासित, निज्जर हत्या मामले में चरम पर तनाव

भारत ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और अन्य राजनयिकों को वापस बुलाने का फ़ैसला किया है. इसके साथ ही भारत ने कनाडा के दिल्ली स्थित उच्चायोग को समन भी भेजा है.

इस बीच भारत ने कनाडा के छह राजनयिकों को निष्कासित करने का फ़ैसला किया है. ये राजनयिक हैं-

 

स्टीवर्ट रॉस व्हीलर (कार्यकारी उच्चायुक्त)

पैट्रिक हेबर्ट (उप-उचायुक्त)

मैरी कैथरीन जॉली (फर्स्ट सेक्रेटरी)

इआन रॉस डेविड ट्राइट्स (फ़र्स्ट सेक्रेटरी)

एडम जेम्स चुइपका (फर्स्ट सेक्रेटरी)

पाउला ओर्जुएला (फर्स्ट सेक्रेटरी)

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इन्हें 19 अक्तूबर को रात में 11:59 बजे से पहले भारत छोड़ने के लिए कहा है.

सोमवार को भारत ने कनाडा के एक ‘डिप्लोमैटिक कम्युनिकेशन’ को सिरे से ख़ारिज करते हुए बहुत ही कड़ा जवाब दिया है.

 

कनाडा ने भारत के साथ साझा किए एक डिप्लोमैटिक कम्युनिकेशन में कनाडा में भारत के उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और अन्य भारतीय राजनयिकों पर जून 2023 में खालिस्तान समर्थक एक्टिविस्ट हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में जुडे़ होने का आरोप लगाया है.

भारत ने कनाडा के इस रुख़ पर विरोध जताते हुए दिल्ली स्थित उसके मिशन के सीनियर डिप्लोमैट को समन किया है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि कनाडा में भारतीय उच्चायोग और अन्य राजनयिकों पर बेबुनियाद निशाना अस्वीकार्य है.

 

सोमवार की शाम भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ”ट्रूडो सरकार के रवैए के कारण भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा ख़तरे में है. हमें वर्तमान सरकार में कोई भरोसा नहीं है. इसी को देखते हुए भारत सरकार ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त समेत अन्य राजनयिकों को वापस बुलाने का फ़ैसला किया है. हमने कनाडा को बता दिया है कि ट्रूडो सरकार जिस तरह से भारत के ख़िलाफ़ अलगाववाद और अतिवाद का समर्थन कर रही है, उसके ख़िलाफ़ भारत के पास जवाब देने का अधिकार है.”

भारत के इस फ़ैसले पर नई दिल्ली स्थित कनाडा के उच्चायोग ने भी जवाब दिया है.

 

सोमवार देर शाम भारत के समन भेजे जाने पर दिल्ली में कनाडाई मिशन के सीनियर राजनयिक स्टीवर्ट व्हीलर ने कहा, ”भारत लंबे समय से जो मांग कर रहा था, कनाडा ने वो मांग पूरी कर दी है. कनाडा ने कनाडा की ज़मीन पर कनाडाई नागरिक की हत्या के मामले में भारतीय एजेंट और उनके भारत की सरकार से संबंध से जुड़ा ठोस सबूत सौंप दिया है.”

 

”अब बारी भारत की है कि वह इस पर क़दम उठाए. यह दोनों देशों और वहाँ की जनता के हित में होगा. कनाडा इस मामले में सहयोग करने के लिए तैयार है.”

 

निज्जर की हत्या मामले में भारतीय उच्चायुक्त के नाम लेने पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ा एतराज़ जताया है. भारत ने कहा कि यह मुद्दा अब राजनीति से जुड़ गया है क्योंकि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो कई चुनौतियों से जूझ रहे हैं.

 

भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ”हमें रविवार को कनाडा से एक डिप्लोमैटिक कम्युनिकेशन मिला था. इसमें बताया गया है कि कनाडा में चल रही एक जाँच में भारत के उच्चायुक्त और अन्य राजनयिकों का जुड़ाव सामने आया है. भारत सरकार इन बेतुके आरोपों को सिरे से नकारती है. कनाडा की ट्रूडो सरकार वोट बैंक साधने के लिए ऐसा कर रही है.”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!