जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में गोलियों से छलनी मिले दो लापता एसपीओ के शव, सर्विस हथियार गायब
दच्छन-मारवाह इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान हुए थे लापता; आतंकी साजिश की आशंका के बीच सुरक्षाबलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन तेज

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक दिन पहले लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए हैं। दोनों जवान बुधवार को जिले के दूरस्थ दच्छन-मारवाह इलाके में ड्यूटी के दौरान लापता हो गए थे। घटनास्थल से शहीद जवानों के सर्विस हथियार भी गायब मिले हैं, जिससे इस वारदात के पीछे आतंकी साजिश होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
मारे गए दोनों जवानों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवान दच्छन के कियार गांव स्थित स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे। बुधवार को वे सुरक्षा और पेट्रोलिंग ड्यूटी के तहत अपने कैंप से धरना-मारवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे, तभी बीच रास्ते में संपर्क टूटने के बाद वे लापता हो गए।
ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से चला सर्च ऑपरेशन
जवानों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय सेना की संयुक्त टीमों ने पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी और घने जंगली क्षेत्रों में जवानों का सुराग लगाने के लिए ड्रोन कैमरों और खोजी कुत्तों की मदद ली गई। गुरुवार सुबह सघन तलाशी के दौरान दोनों जवानों के शव बरामद हुए।
गौरतलब है कि किश्तवाड़ के दूर-दराज के जंगली इलाकों में छिपे आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। हालांकि निरंतर कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क काफी कमजोर हुआ है, लेकिन कठिन भौगोलिक परिस्थितियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इससे एक दिन पहले दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में भी संदिग्ध आतंकियों ने सीआरपीएफ चौकी पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। फिलहाल किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।