पिथौरागढ़।
नंदा देवी ट्रेक पर ट्रेकिंग के लिए निकले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, उनके पीएसओ, प्रदेश के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को आखिरकार 19 घंटे बाद रेस्क्यू किया गया। रालम में फंसे मुख्य चुनाव आयुक्त एक घर में रात बिताने के बाद दूसरे हेलीकॉप्टर से सुबह सात बजे मुनस्यारी हेलीपैड पहुंचे। हेलीकॉप्टर यहां से उन्हें और साथियों को लेकर दून रवाना हुआ। सभी अधिकारियों की सुरक्षित वापसी होने पर पुलिस-प्रशासन और आईटीबीपी ने राहत की सांस ली।
बीते बुधवार को नंदा देवी ट्रेकिंग पर निकले मुख्य चुनाव आयुक्त और प्रदेश के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी का हेलीकॉप्टर मौसम में खराबी के चलते रालम से आगे नहीं बढ़ सका और न वापस लौट सका। सुरक्षा को देखते हुए पॉयलट को रालम में एक खेत में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन में अफरा-तफरी फैल गई और मुख्य चुनाव आयुक्त को रेस्क्यू करने के प्रयास शुरू हुए। प्रशासन के लिए हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते उन्हें रेस्क्यू करना चुनौती बन गया। ऐसे में दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ा। मौसम का साथ मिला और बृहस्पतिवार सुबह देहरादून से दूसरा हेलीकॉप्टर रालम भेजा गया।
सुबह सात बजे हेलीकॉप्टर मुख्य चुनाव आयुक्त और उनके साथियों को लेकर मुनस्यारी पहुंचा तो सभी ने राहत की सांस ली। मुनस्यारी हेलीपैड में पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद वह और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हुए। डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि पुलिस-प्रशासन और आईटीबीपी की टीम के साथ ही स्थानीय लोगों के सहयोग से मुख्य चुनाव आयुक्त को रेस्क्यू किया गया। संवाद
मैगी खाकर बिताई रात, रेस्क्यू टीम को रालम पहुंचने में लगे 17 घंटे
-रालम ग्लेशियर में ट्रेकिंग पर जा रहे ट्रेकरों ने की मदद, ग्रामीणों का मिला सहयोग।