देहरादून

उत्तरांचल प्रेस क्लब ने राज्य सूचना आयुक्तों को किया सम्मानित

देहरादून:  उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा शनिवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारिता पृष्ठभूमि से आए और वर्तमान में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत तीन वरिष्ठ व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

समारोह में राज्य सूचना आयुक्त कुशल कोठियाल, राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट तथा भारत सरकार के मीडिया एंड कम्युनिकेशन ऑफिसर अनिल शर्मा को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में राज्य सूचना आयुक्त कुशल कोठियाल ने कहा, “पत्रकारिता मेरे व्यक्तित्व का अभिन्न अंग रही है। सूचना के अधिकार के क्षेत्र में कार्य करते हुए भी मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि सूचना जन-जन तक पहुंचे और लोकतंत्र में पारदर्शिता बनी रहे।”

योगेश भट्ट ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा, “अपने ही साथियों के बीच सम्मानित होना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सम्मान मुझे अपने दायित्वों को और अधिक प्रतिबद्धता से निभाने के लिए प्रेरित करेगा।”

अनिल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “पत्रकारिता ने मुझे संवाद, संतुलन और जिम्मेदारी की जो सीख दी, वही आज भी मेरी कार्यशैली की नींव है।”कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी ने कहा कि सम्मानित किए गए सभी व्यक्ति पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और इस पृष्ठभूमि के साथ अपने वर्तमान दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो अत्यंत गर्व का विषय है।

प्रेस क्लब महामंत्री सुरेन्द्र सिंह डसीला ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि सम्मानित व्यक्ति न केवल प्रशासनिक और सूचना तंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, बल्कि उत्तराखंड आंदोलन के संघर्षशील दौर से भी जुड़े रहे हैं।समारोह में प्रेस क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और अनेक वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!