‘शी फॉर स्टेम’ को मिला विस्तार: हर जिले की 5 छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति,
सीएम धामी का ऐलान

देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित ‘शी फॉर स्टेम’ कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेटियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक जिले में पांच छात्राओं को ‘शी फॉर स्टेम’ के तहत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 20 चयनित छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों को साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स (STEM) जैसे क्षेत्रों में शिक्षा और करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में भी विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने STEM आधारित स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की, ताकि छात्राएं नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी केंद्रों को स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जोड़ने की बात भी कही गई, जिससे महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ‘शी फॉर स्टेम’ जैसे कार्यक्रम न केवल बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें देश और समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की होनहार बेटियां विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुएं, यही सरकार का लक्ष्य है।