चमोली: आज गोपीनाथ मंदिर में विराजमान होंगे भगवान रुद्रनाथ, ज्वाला माता मंदिर पहुंची उत्सव डोली

गोपेश्वर (चमोली)। चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल की ओर बढ़ रही है। रविवार को डोली देवलधार गांव स्थित ज्वाला माता मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय माहौल बना रहा। सोमवार सुबह भगवान रुद्रनाथ की डोली गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां उन्हें शीतकाल के लिए विराजमान किया जाएगा।
जाख मंदिर में ग्रामीणों ने की पूजा
रविवार सुबह करीब आठ बजे भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली श्रद्धालुओं के साथ अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान डोली रामगंगा, पित्रधार, पनार, ल्वींठी और पुंग बुग्याल से होकर ग्वाड़ गांव स्थित जाख मंदिर पहुंची। यहां ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान रुद्रनाथ को अर्घ्य अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद डोली ने देवलधार गांव की ओर प्रस्थान किया। देर शाम ज्वाला माता मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान का स्वागत किया। मंदिर में पूजा-पाठ के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे।
आज गोपीनाथ मंदिर में होगी स्थापना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह नौ बजे भगवान रुद्रनाथ की डोली विभिन्न गांवों से होते हुए गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान रुद्रनाथ को उनके शीतकालीन गद्दीस्थल पर विराजमान किया जाएगा। इसके साथ ही शीतकाल के दौरान होने वाली धार्मिक परंपराओं का निर्वहन गोपीनाथ मंदिर में किया जाएगा।
डोली यात्रा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस धार्मिक आयोजन में ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गीता देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी कुंवर, बिंदु देवी, कमला, नीलम, देवेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज सिंह, योगंबर सिंह कुंवर, जगदीश सिंह कुंवर, पंडित दीनबंधु डिमरी, ज्वाला मंदिर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बिष्ट, वीरेंद्र सिंह रावत, योगी नेगी और हरेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।