
देहरादून: कभी शांत और सुरक्षित माने जाने वाले देहरादून में बीते 17 दिनों के भीतर पांच हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।
विक्रम शर्मा पर दर्ज थे कई मुकदमे
जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा का काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित होता था और वह देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उस पर 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें 30 से अधिक हत्या से जुड़े मामले बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करीब दस वर्ष पूर्व झारखंड पुलिस ने भी उसे गिरफ्तार किया था और वह लंबे समय तक झारखंड की जेल में बंद रहा।
इस ताजा हत्या के बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
17 दिन में पांच हत्याएं
राजधानी में हालिया दिनों में हुई अन्य हत्याओं ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले गैस एजेंसी संचालक, एक युवती और दो अन्य व्यक्तियों की हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से शहर में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
दिनदहाड़े हो रही आपराधिक घटनाओं से आमजन और व्यापारियों में चिंता है। व्यस्त बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर वारदातें होने से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठने लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।