हरिद्वार

हरिद्वार में बवाल के बाद पुलिस सख्त, 10 नामजद समेत 70 लोगों पर मुकदमा दर्ज.

उत्तराखंड के हरिद्वार में सड़क हादसे के बाद भड़की भीड़ द्वारा पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव करने के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। श्यामपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने 10 नामजद और करीब 60 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सड़क हादसे के बाद भड़का गुस्सा
घटना बुधवार रात की है, जब कांगड़ी से हरिद्वार की ओर आ रही एक कार ने चंडीघाट चौक के पास दो स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रवेश नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी स्कूटी पर सवार सौरभ अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

हरिद्वार में बवाल के बाद पुलिस सख्त, 10 नामजद समेत 70 लोगों पर मुकदमा दर्ज
हरिद्वार में बवाल के बाद पुलिस सख्त, 10 नामजद समेत 70 लोगों पर मुकदमा दर्ज

हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक आयुष राठौर (निवासी मेरठ कैंट) और उसके तीन साथियों को हिरासत में ले लिया। चालक के नशे में होने की आशंका के चलते उसे मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था।

चौकी पर हंगामा और तोड़फोड़
इसी बीच मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते चंडीघाट पुलिस चौकी पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ में शामिल कुछ लोग चौकी के अंदर घुस गए और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। चौकी में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया, साथ ही पुलिस पर पथराव भी किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आईं।

हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।

वीडियो के आधार पर पहचान जारी
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कविता, संदीप, कृष्ण, सुबोध, राहुल, गोविंद, डुस्तो, राजू उर्फ गंजा, रामबाबू और सोनू उर्फ टुंडा को नामजद करते हुए अन्य करीब 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!