उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून: आईजी गढ़वाल की मां पर अभद्र टिप्पणी करने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज.

देहरादून: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप की मां को लेकर अभद्र टिप्पणी और अनुसूचित समाज की भावनाओं को आहत करने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी सागर सोनकर ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चुक्खूवाला निवासी केशव थलवाल नाम का व्यक्ति लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहा है। आरोपी कथित रूप से ‘केशव सिंह’ नाम से फेसबुक आईडी संचालित करता है और विभिन्न फेसबुक पेजों पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करता है।

शिकायत के मुताबिक, हाल ही में आरोपी ने एक फोटो पोस्ट की, जिसमें उसने अपने साथ आईजी राजीव स्वरूप की तस्वीर लगाकर उनकी मां को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस पोस्ट से न केवल संबंधित अधिकारी बल्कि पूरे अनुसूचित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। पीड़ित का कहना है कि यह टिप्पणी समाज को नीचा दिखाने की नीयत से की गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी एनएस चौहान ने बताया कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले केशव थलवाल ने करीब छह महीने पहले पुलिस पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस मामले की जांच आईजी गढ़वाल के निर्देश पर सीओ सदर पौड़ी द्वारा की गई थी। जांच में आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले, जिसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी धर्मेंद्र रौतेला को क्लीन चिट दे दी गई।

फिलहाल, पुलिस सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!