उत्तराखंडउधम सिंह नगर

रुद्रपुर में संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, महिला का शव मिलने से सनसनी; रामनगर में भी युवती की मौत.

रुद्रपुर में अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर जहां 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उधर रामनगर में भी एक 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है।

रुद्रपुर में संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, महिला का शव मिलने से सनसनी; रामनगर में भी युवती की मौत

सड़क किनारे बेहोश मिले बुजुर्ग की अस्पताल में मौत

जानकारी के अनुसार, पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली कि आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र में 31वीं वाहिनी पीएसी की बाउंड्री और दशमेश द्वार के सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बहादुर सिंह कन्याल (65 वर्ष), निवासी खटीमा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मौके से एक मोबाइल फोन और कुछ दवाइयों के पर्चे बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी बीमारी से ग्रसित थे। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात महिला का शव मिला

इसी बीच रुद्रपुर के भूरा रानी रोड स्थित छतरपुर रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रामनगर में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत

वहीं रामनगर में 27 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

तीनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!