टनकपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, राहगीरों को कुचलने के बाद पलटी
ककराली गेट के पास हादसा, चार लोग घायल—एक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

टनकपुर में बुधवार शाम ककराली गेट के पास एक तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। मोड़ पर अनियंत्रित हुई कार ने सड़क किनारे टहल रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी पलट गई, जिससे उसमें सवार दो लोग भी चोटिल हो गए।
घायलों की पहचान कर्मचारी कॉलोनी, वार्ड नंबर 6 निवासी 50 वर्षीय राजीव आर्या और पूर्णागिरी क्षेत्र के नायकगोठ निवासी 60 वर्षीय सतीश पंत के रूप में हुई है। राजीव आर्या के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि सतीश पंत को कमर में गंभीर चोट लगी है।
कार में सवार चालक दलजीत सिंह (33), निवासी कटरा वैष्णो देवी (जम्मू-कश्मीर) और कमल सिंह (27) भी इस हादसे में घायल हुए हैं। चारों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टनकपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राजीव आर्या की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।