देहरादून में निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका

देहरादून। राजधानी देहरादून में सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी 52 वर्षीय पंकज मित्तल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सुबह छह बजे मिली शव की सूचना
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना पर रायपुर थाना पुलिस और मयूर विहार चौकी की टीम मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया।
पुलिस ने फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
तड़के भेजे गए व्हाट्सएप संदेशों की भी चर्चा
घटना के बाद पंकज मित्तल के नाम से कुछ व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट सामने आए हैं। इनके मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 2:18 बजे कई लोगों को संदेश भेजे गए थे। संदेशों में आर्थिक नुकसान, मानसिक परेशानी और कॉलोनी के एक बिल्डर पर आरोप लगाए जाने की बात कही गई है।
इन संदेशों में कथित तौर पर पुनीत अग्रवाल का नाम लेते हुए पैसों के लेनदेन और दुर्व्यवहार से जुड़ी शिकायतें की गई थीं। हालांकि, इन संदेशों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इनमें लगाए गए आरोपों को फिलहाल प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता।
परिजनों की तहरीर पर जांच जारी
सीओ डोईवाला वंदना वर्मा के मुताबिक, निर्माणाधीन भवन से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की पहचान पंकज मित्तल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, पंकज मित्तल पिछले करीब डेढ़ साल से क्षेत्र में रहकर काम कर रहे थे। मामले में परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।