उत्तराखंड

गैरसैंण में आज से विधानसभा सत्र, धामी सरकार पेश करेगी 7 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट

गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में मंगलवार से विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू हो रहा है। चुनावी वर्ष में धामी सरकार के इस अंतिम सत्र में सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा सरकार सदन में आठ विधेयक भी रखेगी। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों गैरसैंण पहुंच चुके हैं और विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी।

आठ विधेयकों पर भी होगी चर्चा

दो दिवसीय सत्र के दौरान सरकार आठ विधेयक सदन के पटल पर रखने की तैयारी में है। इनमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी), उत्तराखंड जनविश्वास अधिनियम में संशोधन और उत्तराखंड माल एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिनियम से संबंधित विधेयक शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों और बोर्डों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।

विपक्ष ने भी बनाई घेराव की रणनीति

सत्र की अवधि केवल दो दिन होने के बावजूद राजनीतिक सरगर्मी तेज है। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी की है। अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला भी विपक्ष के एजेंडे में शामिल है। विपक्ष सदन के भीतर सवाल उठाने के साथ ही विधानसभा के बाहर प्रदर्शन भी कर सकता है।

पहले दिन प्रश्नकाल निर्धारित नहीं होने के कारण शुरुआती कार्यवाही में शोक प्रस्ताव और बजट पेश किए जाने पर मुख्य रूप से ध्यान रहेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने तैयारियों की पुष्टि की

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के अनुसार, सत्र के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय एजेंडे के आधार पर सदन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायकों को अपने क्षेत्र की समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर दिया जाएगा तथा सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देगी।

इस सत्र में अनुपूरक बजट, प्रस्तावित विधेयकों और विपक्ष के सवालों पर होने वाली चर्चा पर सबकी निगाहें रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!