गाजियाबाद में 13 मंजिला इमारत के 8वें फ्लोर पर लगी भीषण आग, कई लोग फंसे
इस भीषण आग पर बहुत से लोग फंसे हुए है,फायर विभाग आग बुझाने में जुटा है.

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में अचानक भीषण आग लग गई. आग आठवीं मंजिल पर लगी. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. सोसाइटी कुल 13 मंजिल की है. आग लगने से अफरा तफरी का माहौल बन गया. घटन में कई लोग फंसे हुए है. फिलहाल, आग लगते ही सोसाइटी में एहतियात के तौर पर लाइट काट दी गई है. जिसके चलते सोसायटी की लिफ्ट बंद हो गई.
आग इतनी भयावह है कि ऊपर के फ्लोर में फंसे लोग चीख पुकार करने लगे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सोसाइटी प्रबंधन द्वारा फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और फायर विभाग को सूचना दी गई. फिलहाल अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर है और राहत और बचाव का काम जारी है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने का प्रयास कर रही है जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, करीब आधे घंटे बाद हाइड्रोलिक वाली दमकल गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची. गाजियाबाद अग्निशमन विभाग के पास हाइड्रोलिक नहीं थी. ऐसे में नोएडा से हाइड्रोलिक मंगवानी पड़ी. जो पहले दमकल मौके पर पहुंची थी उसका पानी आठवीं मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहा था जिसकी वजह से आग बुझाने में भी देरी हुई.
दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ समिति के लोग भी आसपास की बिल्डिंगों से अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ आग बुझाने में मदद कर रहे हैं. पास की एक बिल्डिंग पर चढ़कर लोग पाइप से पानी की बौछार कर रहे हैं. जिससे आग पर काबू पाया जा सके. फिलहाल आग लगने से करीब 10 फ्लैट जल गए हैं. मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी दमकल के साथ पहुंच गई है.