Uncategorized

पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी, अलर्ट पर प्रशासन, जारी हुये दिशा निर्देश

मौसम के लगातार खराब रहने और पर्यटन सीजन शुरू होने के चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है

सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र व्यास व दारमा घाटी और मुनस्यारी के मिलम सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को बर्फबारी हुई. जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में मौसम सामान्य रहा और दिन भर धूप खिली रही. पर्यटन गतिविधियों के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्र में बारिश व बर्फबारी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट है.सुबह से उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्के बादल छाये थे. दोपहर एक बजे बाद एकाएक मौसम ने करवट बदली. इस दौरान नाबि, कुटी, गुंजी, कालापानी आदि कैलाश क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई. मुनस्यारी के पंचाचूली, राजरम्भा और मिलम सहित अन्य हिस्सों में भी बर्फबारी होने तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई. जनवरी माह में भले ही कम बर्फबारी हुई हो लेकिन मार्च और अप्रैल में जमकर हिमपात हुआ. 29 अप्रैल तक भी बर्फबारी का क्रम जारी है. दारमा घाटी में 15 जबकि व्यास घाटी में 10वीं बर्फबारी है.मौसम के लगातार खराब रहने और पर्यटन सीजन शुरू होने के चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. पिथौरागढ़ के अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया पर्यटन सीजन शुरू हो गया है. इस समय पर्यटक ट्रेकिंग सहित घूमने के लिए आ रहे हैं. बारिश और बर्फबारी को देखते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहने और मोबाइल फोन ऑन रखने के आदेश दिए गए हैं. किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए राजस्व, ग्राम विकास, पंचायत अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!