Uncategorized

बदरीनाथ और केदारनाथ में चोरी, ₹14 लाख के फोन और नकदी बरामद

चमोली पुलिस ने बदरीनाथ में जेबकतरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.

चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अटूट आस्था के साथ पवित्र धामों में शीश नवा रहे हैं. श्रद्धालुओं की इसी भारी भीड़ और आस्था का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्व अपनी तिजोरियां भरने की फिराक में थे. लेकिन बदरीनाथ पुलिस और एंटी थेफ्ट स्क्वाड की पैनी नजरों ने इन शातिर ‘जेबकतरों’ के मंसूबों पर पानी फेर दिया है.पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, थाना बदरीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह भीड़ में घुल मिलकर श्रद्धालुओं का ध्यान भटका रहा है और उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहा है. यह गिरोह विशेष रूप से स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय था.उधर, 27 अप्रैल को नरेश चंद्र (निवासी पौड़ी गढ़वाल) द्वारा कोतवाली बदरीनाथ में एक तहरीर दी गई थी. पीड़ित के अनुसार, उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आईडी, डीएल, पैन कार्ड, एटीएम और 10 हजार रुपए गर्भगृह में दर्शन के दौरान चोरी हो गए थे. इस शिकायत के आधार पर कोतवाली बदरीनाथ में मुकदमा पंजीकृत किया गया.

मामले की गंभीरता और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पंवार द्वारा एक विशेष एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया. उन्होंने पुलिस टीम को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस का भी उपयोग किया जाए.

पुलिस टीम ने सर्विलांस और सूचना के आधार पर 4 संदिग्धों को चिन्हित करते हुए घेराबंदी की और हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को रोका लिया. वाहनों की तलाशी लेने पर अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपए की कीमत के कुल 13 मोबाइल फोन बरामद हुए.इसके अलावा, आरोपियों के पास से 58 हजार 860 रुपए की नकदी भी बरामद की गई है, जो चोरी की वारदातों से जुटाई गई थी. साथ ही पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई दो कारें PB 31 Y 1800 और PB 10 HV 4662 को भी सीज कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!