चंपावत कथित नाबालिग गैंगरेप केस में महिला मित्र के साथ आरोपी कमल रावत गिरफ्तार
चंपावत कथित नाबालिग गैंगरेप केस में पुलिस ने कमल रावत और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

: चंपावत कथित नाबालिग गैंगरेप केस में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच में मामला सुनियोजित षड़यंत्र निकला. पुलिस ने मुख्य षड़यंत्रकर्ता कमल सिंह रावत और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि बदले की भावना से निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची गई थी.
चंपावत कथित नाबालिग गैंगरेप केस में लड़की को बंधक बनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
थाना चम्पावत क्षेत्र में राम सिंह रावत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त मामले में कमल सिंह रावत, उसकी महिला मित्र और आनन्द सिंह मेहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग बालिका को बंधक बनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. सुनियोजित तरीके से निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया गया.