Uncategorized

देहरादून में शैक्षिक गोष्ठी एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित, 74 सेवानिवृत्त शिक्षक हुए सम्मानित

राजकीय शिक्षक संघ देहरादून के आयोजन में नई शिक्षा नीति-2020 पर हुई चर्चा, मेधावी छात्रों और शिक्षकों का सम्मान

देहरादून के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में शनिवार को राजकीय शिक्षक संघ देहरादून एवं समस्त ब्लॉक कार्यकारिणी की ओर से शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी, मेधावी छात्र सम्मान समारोह और सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निदेशक विद्यालयी शिक्षा डॉ. मुकुल सती ने किया। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान, प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली तथा विद्यालय की प्राचार्य सुनीता भट्ट विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन जनपद अध्यक्ष सुभाष झल्डियाल एवं जनपद मंत्री अर्जुन पंवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर निदेशक विद्यालयी शिक्षा डॉ. मुकुल सती ने शिक्षक प्रकरणों के संबंध में जल्द सकारात्मक पहल के संकेत दिए।

समारोह के प्रथम सत्र में “नई शिक्षा नीति-2020” विषय पर शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अतिथियों ने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव और नई संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। वहीं, द्वितीय सत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों से सेवानिवृत्त हुए 74 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज मेहुवाला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग दिया। साथ ही मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह में शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं मंत्री मौजूद रहे। आयोजन के अंत में सेवानिवृत्त शिक्षकों और छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता का श्रेय जनपद कार्यकारिणी, ब्लॉक कार्यकारिणी और शाखा इकाइयों को दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!